भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शांति नगर स्थित दशहरा मैदान का औचक निरीक्षण कर खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आयोजनों के लिए खेल मैदान का संधारण शुल्क 10 हजार रुपए से अधिक नहीं रखा जाएगा, जबकि प्रतिव्यक्ति मेंटेनेंस शुल्क 250 रुपए मासिक से ज्यादा नहीं होगा।
आयुक्त ने कार्यपालन अभियंता को मैदान उपयोग से जुड़े नियमों में संशोधन का प्रस्ताव महापौर परिषद में रखने के निर्देश दिए, ताकि किराया दरों और सुरक्षा निधि को तर्कसंगत बनाया जा सके और स्थानीय खिलाड़ियों व समितियों को मैदान का बेहतर उपयोग मिल सके।
उन्होंने कहा कि मैदान प्रबंधन को व्यवस्थित करने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पहले मैदान के लिए सुरक्षा निधि 2 लाख रुपए तय की गई थी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को उपयोग में दिक्कत हो सकती थी।