रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 20 मार्च को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और ओले गिरे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित करते हुए चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। वहीं 21 मार्च को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला में लगभग 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम में इस बदलाव के पीछे तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं। मध्यप्रदेश के ऊपर 0.9 किमी ऊंचाई पर बना चक्रवाती घेरा नमी को आकर्षित कर रहा है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश से मराठवाड़ा और विदर्भ तक फैली द्रोणिका रेखा छत्तीसगढ़ के पश्चिमी हिस्सों में अस्थिरता बढ़ा रही है। वहीं आंध्र प्रदेश के ऊपर 3.1 किमी ऊंचाई पर सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रवात बंगाल की खाड़ी से नमी खींचकर प्रदेश में ला रहा है।
