बलरामपुर। वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से तेंदुए की 2 खाल बरामद हुई है।
वन मंत्री के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने 2 अप्रैल 2026 को कार्रवाई की। बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गई, जहां से पहली खाल बरामद हुई। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया और दूसरी खाल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं और अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी में शामिल थे। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।