बालोद में ANTF की बड़ी कार्रवाई: कार से हेरोइन और देशी पिस्टल बरामद, 11.83 लाख का सामान जब्त, एक गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी टाटा हेक्सा कार से 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद की है। इस कार्रवाई में कार और मोबाइल सहित कुल 11 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालोद के नए बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार खड़ी है। इसमें मौजूद व्यक्ति के पास मादक पदार्थ और हथियार होने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर ANTF की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई हेरोइन और देशी पिस्टल मिली। पुलिस ने मौके पर मौजूद 25 वर्षीय युवक लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू को गिरफ्तार कर लिया। वह बालोद जिले की रेलवे कॉलोनी का निवासी बताया गया है।

11.83 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस ने 6.40 ग्राम हेरोइन की कीमत 1 लाख 28 हजार रुपये, देशी पिस्टल की कीमत 50 हजार रुपये, मोबाइल की कीमत 5 हजार रुपये और टाटा हेक्सा कार की कीमत 10 लाख रुपये आंकी है। इस तरह कुल 11.83 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बालोद थाने में NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में हेरोइन और हथियार के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author