रायपुर। केदार कश्यप ने भूपेश बघेल के बीजेपी में शामिल होने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “उनकी जरूरत न छत्तीसगढ़ को है, न भारतीय जनता पार्टी को — वे सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते हैं।”
मंत्री कश्यप ने कांग्रेस नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिन लोगों पर घोटालों के केस चल रहे हैं, वही आज पीडीएस और अन्य मुद्दों पर सवाल उठा रहे हैं। नक्सलवाद पर उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सल मुक्त हो रहा है और विपक्ष को इसी बात की सबसे ज्यादा पीड़ा है।
अपने विभागों की दो साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कश्यप ने बताया कि परिवहन क्षेत्र में ग्रामीण बस योजना से 425 नए गांव जुड़े, ई-चालान व ऑनलाइन सेवाएं शुरू हुईं। वन विभाग में 7 करोड़ से ज्यादा पौधरोपण, हाथी-मानव द्वंद कम करने के प्रयास और बाघ संरक्षण पर काम हुआ। सहकारिता विभाग में 515 नई पैक्स बनीं, बड़ी संख्या में किसानों को क्रेडिट कार्ड दिए गए और धान खरीदी में बढ़ोतरी हुई।
मंत्री ने कहा कि सरकार विकास और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर लगातार काम कर रही है।
