गरियाबंद में 153 करोड़ से राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद सड़क का होगा उन्नयन, 35.5 किमी मार्ग होगा मजबूत

रायपुर। राज्य सरकार ने गरियाबंद जिले में मुख्य जिला मार्ग राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद सड़क के मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए 153 करोड़ 82 लाख 34 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। इस राशि से करीब 35.5 किलोमीटर सड़क का उन्नयन और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग ने सड़क व पुल-पुलिया निर्माण के लिए 139 करोड़ 48 लाख 72 हजार रुपए और भू-अर्जन व यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 14 करोड़ 33 लाख 62 हजार रुपए मंजूर किए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस परियोजना को 1 जनवरी को केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत स्वीकृति दी थी।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी कर दिया है। मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने प्रमुख अभियंता को तय समय-सीमा में निविदा प्रक्रिया पूरी करने और निर्माण कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिना जरूरी कारणों के समय-सीमा बढ़ाने से बचने और कार्य में मितव्ययिता बरतने पर भी जोर दिया गया है।

You May Also Like

More From Author