Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में दिनदहाड़े डकैती: 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड महिला समेत 10 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में नगरीय निकाय चुनाव के बीच दिनदहाड़े हुई डकैती की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने नागपुर के दो अंतर्राज्यीय बदमाशों और एक महिला समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 59.50 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें जब्त की हैं।

महिला निकली डकैती की मास्टरमाइंड

इस सनसनीखेज डकैती की साजिश प्रार्थी की बहन नेहा त्रिपाठी ने रची थी, जो डीएसपी की बेटी है और राजनांदगांव की रहने वाली है। उसने बीएसएफ के रिटायर्ड सूबेदार मेजर ए. सोम शेखर के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई। पुलिस जांच में पता चला कि ए. सोम शेखर, जो 2011 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर जमीन दलाली और एनजीओ से जुड़ा था, पीड़ित के परिवार से पहले से परिचित था और उसे घर में रखे पैसे की जानकारी थी।

उसने अपने साथी देवलाल वर्मा और कमलेश वर्मा के साथ मिलकर डकैती का प्लान तैयार किया। बाद में इस योजना में और भी अपराधी जुड़ गए, जिनमें अजय ठाकुर, राहुल त्रिपाठी, शाहिद पठान, पिंटू सारवान और मनुराज मौर्य शामिल थे।

कैसे दी गई वारदात को अंजाम

11 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे, पांच नकाबपोश अपराधी प्रार्थी मनोहरण वेलू के अनुपम नगर स्थित घर में घुसे। दो आरोपी फौजी वर्दी में थे, जबकि अन्य नकाबपोश थे। उन्होंने बातचीत के बहाने घर में घुसते ही प्रार्थी को काबू कर लिया और उसे व उसकी बहनों को बंधक बना लिया। आरोपियों ने पीड़िताओं को पिस्टल की नोक पर धमकाया और उनके हाथ-पैर बांध दिए।

महिला आरोपी ने प्रार्थी की बहनों से उनकी सोने की चेन और नकदी लूट ली। डकैत घर में रखे गुलाबी रंग के बैग से 60 लाख और काले रंग के बैग से 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। साथ ही सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन भी लूट लिए। कुल मिलाकर अपराधियों ने करीब 66 लाख रुपये की डकैती की।

पुलिस ने ऐसे सुलझाया मामला

घटना के तुरंत बाद, रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस की 10 टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस को दो गुप्त सूत्रों से अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर विभिन्न शहरों में छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अजय ठाकुर (38) – दुर्ग निवासी
  2. राहुल त्रिपाठी (43) – गोरखपुर (उ.प्र.) निवासी
  3. नेहा त्रिपाठी (41) – गोरखपुर (उ.प्र.) निवासी
  4. देवलाल वर्मा (45) – रायपुर निवासी
  5. पुरूषोत्तम देवांगन (33) – बलौदाबाजार निवासी
  6. ए. सोम शेखर (56) – रायपुर निवासी
  7. शाहिद पठान (36) – नागपुर, महाराष्ट्र निवासी
  8. पिंटू सारवान (23) – बेमेतरा निवासी
  9. मनुराज मौर्य (31) – बिलासपुर निवासी
  10. कमलेश वर्मा (31) – रायपुर निवासी

आईजी ने टीम को दिया इनाम

रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा ने इस सफल ऑपरेशन के लिए जांच टीम को 30,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Exit mobile version