रायपुर। तेलीबांधा और सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में होटलों के माध्यम से संचालित देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में विदेशी युवतियों को भी इसमें शामिल करने की पुष्टि हुई है।
कार दुर्घटना से खुला रैकेट का राज
5-6 फरवरी 2025 की रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक कार दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार सवार युवती और आरोपी से पूछताछ की। उज्बेकिस्तान की रहने वाली युवती ने बताया कि वह जुगल कुमार के बुलाने पर मुंबई से रायपुर आई थी। आरोपी भावेश आचार्य (लोक अभियोजक, डीआरआई) ने स्वीकार किया कि उसने जुगल कुमार से संपर्क कर युवती को बुलाया और इसके बदले ₹27,000/- का भुगतान किया।
Locanto ऐप के जरिए होता था सौदा
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रवि ठाकरे और जागेंद्र उके उर्फ मोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे Locanto ऐप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें और रेट भेजते थे। इसके बाद पुलिस ने बृजेश साहा, मोह. साजिद, दिनेश लिलवानी, शेख इमरान, अमित सोनी, रमेन्द्र पाठक, शेख नूरूल हक और दुर्गेश पनागर को भी गिरफ्तार किया।
मुख्य आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
मुख्य आरोपी जुगल कुमार घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे रायपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना से गिरफ्तार किया। इस मामले में तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 89/25 और सरस्वती नगर थाना में अपराध क्रमांक 22/25 के तहत धारा 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- रवि ठाकरे (55) – आर.डी.ए. कॉलोनी, रायपुर
- जागेंद्र उके उर्फ मोहन (29) – गुढ़ियारी, रायपुर
- बृजेश साहा (35) – अंबिकापुर, हाल निवास रायपुर
- मोह. साजिद (28) – संतोषी नगर, रायपुर
- दिनेश लिलवानी (30) – टिकरापारा, रायपुर
- शेख इमरान (34) – टिकरापारा, रायपुर
- अमित सोनी (28) – पुरानी बस्ती, रायपुर
- रमेन्द्र पाठक (32) – डीडी नगर, रायपुर
- शेख नूरूल हक (49) – टिकरापारा, रायपुर
- दुर्गेश पनागर (25) – कवर्धा
- जुगल कुमार राय (39) – पश्चिम बंगाल, हाल निवास रायपुर

