बलरामपुर के हाई स्कूल में परीक्षा के बाद 11 छात्राएं बेहोश, 6 की हालत गंभीर

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शासकीय हाई स्कूल मनबासा में परीक्षा खत्म होते ही अचानक 11 छात्राएं बेहोश हो गईं। इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्कूल में हड़बड़ी मच गई और सभी छात्राओं को तुरंत वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

छात्राओं के बेहोश होने का कारण अभी साफ नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

बीईओ श्याम किशोर जायसवाल ने बताया कि छह–सात बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ने और कंपकंपी तथा रोने जैसी शिकायत मिलने पर तुरंत डॉक्टरों को बुलाया गया। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर छात्राओं को तीन वाहनों में अस्पताल पहुंचाया गया। उनके परिजनों को भी साथ लाया गया।

फिलहाल पांच छात्राएं सिविल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author