अम्बिकापुर: सरगुजा जिले के सुदूर और पहाड़ी कोरवा बसाहटों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 113 नए हैंडपंप और बोरवेल खोदे जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने इस दिशा में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने को प्राथमिकता बताते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर अजीत वसंत ने संबंधित विभागों को एक माह के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। डीएमएफ मद से लुण्ड्रा, बतौली, लखनपुर, अम्बिकापुर, सीतापुर, मैनपाट और उदयपुर विकासखंडों में हैंडपंप एवं बोरवेल खनन किया जाएगा। इस योजना को जिला खनिज संस्थान न्यास की बैठक में मंजूरी मिली है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

