बिलासपुर। गैस सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में किचन केयर और एक किराना स्टोर पर छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। मौके से गैस निकालने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।
प्रशासन ने संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की बात कही है। इससे पहले बुधवार को भी छापेमारी में 72 सिलेंडर जब्त किए गए थे।
इधर गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं को बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टोल-फ्री नंबर पर कॉल नहीं लगने और सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी जनरेट नहीं हो पा रही है, जिससे एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं।