रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बीजापुर और कांकेर जिले के 140 आत्मसमर्पित नक्सली विधानसभा भ्रमण पर पहुंचे। इनमें 54 महिलाएं और 86 पुरुष शामिल थे।
विधानसभा पहुंचकर इन सभी ने सदन की कार्यवाही को नजदीक से देखा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात भी की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के लिए पुनर्वास अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौट रहे नक्सलियों का लोकतंत्र पर भरोसा जताना सकारात्मक संकेत है।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से यह शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।