राजनांदगांव : आज से 15 साल पहले, 12 जुलाई 2009 को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के कोरकोट्टी-मदनवाड़ा इलाके में एक भयानक नक्सली हमला हुआ था। इस हमले में तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे सहित 29 जवान शहीद हो गए थे।
आज इस शहीद दिवस पर, पूरे प्रदेश में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। राजनांदगांव के मानपुर ब्लॉक मुख्यालय में शहीद स्मारक पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में स्थानीय प्रशासन, पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
सभा में शहीदों की वीरता और बलिदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीदों के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर उनके साहस और त्याग को नमन किया गया।
उस काले दिन की घटना:
12 जुलाई 2009 को, मदनवाड़ा थाने में नक्सलियों द्वारा मारे गए दो शहीद जवानों के शवों को राजनांदगांव मुख्यालय लाने के लिए एसपी विनोद कुमार चौबे अपने दल के साथ रवाना हुए थे। तभी, मानपुर मुख्यालय से महज 6 किलोमीटर दूर ग्राम कोरकोट्टी के पास, नक्सलियों ने सड़क किनारे विस्फोट कर दिया और चारों तरफ से जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
इस भयानक हमले में एसपी चौबे समेत 25 जवान शहीद हो गए। वहीं, मदनवाड़ा जाने के लिए सीतागांव की ओर से निकली एक अन्य पुलिस टुकड़ी पर भी ग्राम कारेकट्टा के पास नक्सलियों ने हमला कर दिया था। इस हमले में औंधी थाना प्रभारी सहित दो जवान शहीद हो गए थे।
शहीदों की शौर्य गाथा अमर रहेगी:
आज शहीद दिवस पर, शहीदों के परिजनों और उनके बलिदान को याद करते हुए सभी ने उनकी वीरता और देशभक्ति को नमन किया।