मुंगेली। सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर पंचायत जरहागांव में आयोजित समाधान शिविर में करीब 200 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक कार्ड, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। वहीं विधायक पुन्नूलाल मोहले ने दावा किया कि शिकायतों और मांगों के निराकरण में मुंगेली जिला प्रदेश में अग्रणी है और लगभग 90 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर समाधान किया जा रहा है।
अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जा रहा है। शिविर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक पुन्नूलाल मोहले, अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


