बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों की लगातार कार्रवाई और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘नियद नेल्लानार’ तथा पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर एक डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी मेंबर) समेत कुल 52 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
आत्मसमर्पण करने वालों में 21 महिला और 31 पुरुष माओवादी शामिल हैं। इन सभी पर कुल 1.41 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ये सभी नक्सली फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी सहित कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं।
सभी 52 नक्सलियों ने सीआरपीएफ डीआईजी देवेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल और उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक 824 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 1126 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 223 माओवादियों को ढेर किया है।
आत्मसमर्पण के बाद पुनर्वास नीति के तहत सभी नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।