Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

कांकेर में 56 सरपंचों का सामूहिक इस्तीफा, विकास कार्य नहीं मिलने पर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी

कांकेर। पंचायतों में विकास कार्यों की अनदेखी से नाराज अंतागढ़ विकासखंड की सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने शुक्रवार को सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सरपंचों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपना इस्तीफा सौंपते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

सरपंचों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से पंचायतों में किसी भी नए विकास कार्य को स्वीकृति नहीं मिली है, जिसके कारण गांवों में आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कई काम ठप पड़े हैं। उनका कहना है कि कई बार मांग उठाने और पत्राचार करने के बावजूद प्रशासन ने इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि विकास कार्यों के अभाव में ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है और जनप्रतिनिधियों के लिए लोगों के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो गया है। इसी स्थिति से परेशान होकर सभी 56 पंचायतों के सरपंचों ने एकजुटता दिखाते हुए सामूहिक इस्तीफा सौंपने का फैसला लिया।

सरपंचों ने प्रशासन से पंचायतों में जल्द विकास कार्य शुरू कराने और लंबित योजनाओं को मंजूरी देने की मांग की है। वहीं, एक साथ 56 सरपंचों के इस्तीफे से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

Exit mobile version