जगदलपुर। ओड़िशा के कंधमाल जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े सुरक्षा अभियान में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने 2 महिला और 4 पुरुष सहित कुल 6 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर गणेश उईके और एरिया कमेटी मेंबर (ACM) बारी उर्फ राकेश शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह हुई मुठभेड़ में 2 महिला और 2 पुरुष नक्सलियों को ढेर किया गया, जिनमें सीसी मेंबर गणेश उईके भी शामिल था। गणेश उईके की 7 राज्यों में तलाश थी। वह तेलंगाना के नलगोंडा जिले का निवासी था और साउथ सब जोनल का इंचार्ज था।
इस ऑपरेशन में ओड़िशा पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की 20 टीमें और सीआरपीएफ की 3 टीमें शामिल रहीं। पूरे अभियान की निगरानी ओड़िशा पुलिस के DIG ऑपरेशन IPS अखिलेश्वर सिंह और कंधमाल के एसपी द्वारा की गई। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने 2 INSAS राइफल और 1 .303 रायफल भी बरामद की है।

