सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में रविवार को एक बड़े धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 610 लोगों ने पुनः अपने मूल हिंदू धर्म को अपनाया। यह आयोजन धर्म जागरण समन्वय के तत्वावधान में सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने पारंपरिक विधि से परिवारों के चरण पखारकर उनकी सम्मानपूर्वक घर वापसी कराई। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सभी परिवारों का स्वागत किया गया।
आयोजकों के अनुसार, यह पहल स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए “घर वापसी अभियान” से प्रेरित है। उनका कहना है कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की सुरक्षा और सनातन धर्म के संरक्षण के लिए इस अभियान को आगे भी जारी रखेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूज्य प्रेमा साईं महाराज, सुधीर गौतम, राजकुमार चंद्रा, अंजू गबेल, अवतार अग्रवाल, टिकेश्वर गबेल, अन्नपूर्णा राठौर, राजेंद्र राठौड़, आयुष शर्मा, महेश साहू, रूपेंद्र गबेल, संतोषी सिंह, कुंती जांगड़े, पूजा राठौर, विजय जायसवाल सहित अनेक संतजन, धर्मप्रेमी नागरिकों और आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा।

