अंबिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतापुर तहसील क्षेत्र से 9 ट्रैक्टर-वाहनों को जब्त किया है। जांच के दौरान ये वाहन बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए गए।
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने केसला घाट, मंगरेलगढ़, बिठुआ, लमगांव, ढेलसरा, राधापुर और प्रतापगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध खनिज परिवहन में लगे 9 ट्रैक्टरों को जब्त कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
विभाग ने बताया कि सभी जब्त वाहनों को अग्रिम आदेश तक सीतापुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

