Kondagaon : छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर में सक्रिय अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 19 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
घटना की शुरुआत 11 जून को हुई जब कोण्डागांव के शीतलापारा निवासी राकेष कुमार जैन अपने भाई के साथ बयानार के सप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी का व्यापार करने गए थे। बाजार खत्म होने के बाद, उन्होंने सोने-चांदी के सामान को पेटियों में रखा और एक पेटी को अपनी बोलेरो कार में रख दिया। इस दौरान, एक चोर ने दुकान से दूसरी पेटी, जिसमें 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के सामान थे, चुरा ली।
बयानार थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार (आईपीएस) के नेतृत्व में साइबर सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने आरोपी की तलाश के लिए ओडिशा, आंध्रप्रदेश और अन्य राज्यों में छानबीन की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महासमुंद के भीमखोज में छिपा हुआ है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और उसके पास से 19 लाख 76 हजार 840 रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए। आरोपी सचिन ध्रुव ने अपने साथी नागराज उर्फ नागेष्वर उर्फ नागू नेताम और तुमगांव के राकेष के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की पहचान सचिन ध्रुव (23 वर्ष), पिता- राजेष ध्रुव, निवासी भीमखोज, खल्लारी थाना, महासमुंद के रूप में की गई है।