गरियाबंद – फर्स्ट बीच एशियन कप के लिए चयनित भारतीय वुड बॉल टीम ने गरियाबंद के पैरी नदी के रेत में पांच दिनों तक अभ्यास किया है। कोरिया के डोंगे में 26 अगस्त से शुरू हो रही एशियन कप प्रतियोगिता के लिए यह तैयारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खिलाड़ियों ने इस अभ्यास स्थल की सराहना की और कलेक्टर दीपक अग्रवाल का आभार जताया।
पैरी नदी का रेतीला मैदान: अभ्यास के लिए आदर्श स्थान
छत्तीसगढ़ वुड बॉल एसोसियशन के सचिव जितेंद्र पटेल ने बताया कि 26 अगस्त से 1 सितंबर तक कोरिया के डोंगे में फर्स्ट बीच एशियन वुड बॉल गेम का आयोजन हो रहा है। भारतीय वुड बॉल संघ के तत्वाधान में 9 खिलाड़ी चयनित हुए हैं, जिनमें केरल, मुंबई, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के लिए पैरी नदी का लंबा चौड़ा और साफ रेतीला मैदान अत्यंत उपयुक्त साबित हुआ, जिसके लिए कलेक्टर दीपक अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा है।
कलेक्टर दीपक अग्रवाल का सहयोग
कलेक्टर दीपक अग्रवाल, जो गोल्फ और वुड बॉल के खेल में माहिर हैं, ने वुड बॉल टीम के अभ्यास के लिए इस स्थान की व्यवस्था की। उनकी पहल से भारतीय टीम को मैच अभ्यास के लिए एक बेहतर वातावरण मिला, जो जिले के लिए गर्व की बात है। कलेक्टर ने भविष्य में पैरी नदी के तट को स्थाई अभ्यास स्थल बनाने का प्रस्ताव भी भेजने की बात कही है।
टीम की प्रतिक्रिया:
टीम के कैंप कोच श्रृंगी शर्मा ने कहा कि समुद्र तट पर वुड बॉल गेम खेला जाना पहली बार हो रहा है। भिड़-भाड़ से दूर और स्वच्छ इलाका होने के कारण पैरी नदी का रेतीला मैदान अभ्यास के लिए उपयुक्त साबित हुआ है। केरल से आई खिलाड़ी दिया मिलिम ने भी कहा कि केरल में बड़े समुद्र तट हैं, लेकिन वुड गेम के लिए साफ-सुथरा नदी तट गरियाबंद का है।