रायपुर। राज्य में लगभग 4 लाख 11 हजार से ज्यादा राशन कार्डधारियों को इस नवंबर से राशन मिलना बंद हो जाएगा। खाद्य विभाग ने इन कार्डधारियों के राशन कार्ड ब्लॉक कर दिए हैं, जिससे अब उन्हें चावल का आवंटन नहीं होगा। खाद्य विभाग की जानकारी के अनुसार, इन कार्डधारियों ने बार-बार अपील के बावजूद अपने राशन कार्ड का सत्यापन नहीं कराया, जबकि पिछले आठ महीने से यह प्रक्रिया चल रही थी।
रायपुर जिले की स्थिति
रायपुर में लगभग 6 लाख 1 हजार राशन कार्डधारी हैं, जिनमें से 62 हजार 966 कार्डधारक ऐसे हैं, जिनका कोई अता-पता नहीं है। सत्यापन के लिए समय सीमा 31 अक्टूबर थी, लेकिन इसे पूरा न करने वाले कार्डधारियों के राशन कार्ड अब रद्द किए जाएंगे।
प्रदेश में कुल 76 लाख से ज्यादा राशन कार्डधारी
प्रदेश में कुल 76 लाख 83 हजार से अधिक राशन कार्डधारी हैं, जिनमें से लगभग 71 लाख 1 हजार कार्ड सत्यापन और प्रिंटिंग के बाद वितरण किए जा चुके हैं। सत्यापन का काम राशन दुकानों और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से फिलहाल सत्यापन की नई तारीख जारी नहीं की गई है।