बीएड धारक 2855 सहायक शिक्षकों की सेवा समाप्त, डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की सूची जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 2855 बीएड धारक सहायक शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इन शिक्षकों की जगह अब 2613 डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की प्राविधिक चयन सूची लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी इस सूची को स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।

हाई कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई

शिक्षक भर्ती 2023 के तहत कुल 12,489 पदों के लिए विज्ञापन जारी हुआ था, जिनमें 6285 पद सहायक शिक्षकों के लिए निर्धारित थे। परीक्षा और चार चरण की काउंसलिंग के बाद लगभग 10,000 से अधिक पदों पर भर्ती हुई थी, जिनमें 2855 बीएड धारक सहायक शिक्षक भी शामिल थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने एनसीटीई 2018 के गजट को खारिज कर दिया, जिससे उच्च न्यायालय ने डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिक शिक्षा के लिए अधिक योग्य मानते हुए बीएड धारकों को हटाने के आदेश दिए।

शिक्षकों के समायोजन के लिए गठित की गई समिति

बीएड धारक सहायक शिक्षकों के समायोजन और वैकल्पिक अवसरों पर विचार करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय टीम गठित की गई है। इस समिति में प्रमुख सचिव विधि विभाग, सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, सचिव वित्त विभाग और सचिव सामान्य प्रशासन विभाग को सदस्य बनाया गया है। यह समिति शिक्षकों के अभ्यावेदन पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

You May Also Like

More From Author