CG ई-रिक्शा-ऑटो से ट्रैफिक की समस्या : समाधान के लिए आप भी दे सकते हैं परिवहन विभाग को सुझाव

रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों में ई-रिक्शा और ऑटो की बढ़ती संख्या से उत्पन्न यातायात समस्याओं और उनके समाधान को लेकर परिवहन सचिव सह आयुक्त एस. प्रकाश की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर और जगदलपुर के जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर भी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि रायपुर में 13,374, बिलासपुर में 4,493, दुर्ग में 4,038, अंबिकापुर में 1,311 और जगदलपुर में 41 पंजीकृत ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। वहीं, ऑटो की संख्या रायपुर में 20,306, बिलासपुर में 14,867, दुर्ग में 9,602, अंबिकापुर में 4,429 और जगदलपुर में 3,431 है। इनकी संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे यातायात की समस्याएं बढ़ रही हैं।

रायपुर जिला प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए जोनवार योजना बनाई है, जिसके तहत शहर को पांच जोनों में विभाजित कर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में ई-रिक्शा के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रचलित अधिनियमों और नियमों पर भी चर्चा हुई।

परिवहन सचिव ने अधिकारियों से उनके जिलों में ई-रिक्शा और ऑटो से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली और समाधान के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं परिवहन विभाग को सुझाव भेजने के निर्देश दिए।

You May Also Like

More From Author