रायपुर में 3 दिसंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे, बीसीसीआई ने की आधिकारिक घोषणा

रायपुर. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच डे-नाइट वनडे मैच 3 दिसंबर 2025 को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मुकाबले की आधिकारिक घोषणा कर दी है और आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को सौंपी है।

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका का भारत दौरा 14 नवंबर 2025 से शुरू होगा, जिसमें 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाएंगे। इसी श्रृंखला के तहत 3 दिसंबर को दूसरा वनडे रायपुर में आयोजित होगा।

इससे पहले, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने 21 जनवरी 2023 को भारत-न्यूजीलैंड वनडे और 1 दिसंबर 2023 को भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 मैच की सफल मेजबानी की थी। इसके अलावा, चर्चा है कि इस साल सितंबर से भारत में होने वाले महिला वर्ल्ड कप के दो मैच भी रायपुर में खेले जा सकते हैं।

You May Also Like

More From Author