सुकमा। लंबे समय से नक्सलियों के प्रभाव में रहे रायगुड़ेम के इतिहास में पहली बार किसी मंत्री ने ग्रामीणों की सुध ली। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपनी पहली यात्रा के दौरान चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। नक्सल हिंसा से त्रस्त ग्रामीणों के लिए यह मुलाकात किसी उत्सव से कम नहीं रही।
विजय शर्मा ने चौपाल से पहले जगरगुंडा के रायगुड़ेम में सुरक्षा बलों से मुलाकात की। इस दौरान बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, सीआरपीएफ डीआईजी सूरजपाल वर्मा, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण और सीआरपीएफ कमांडेंट नवीन भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री बाइक पर सवार होकर बीहड़ इलाके तक पहुंचे और वहां के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
गृहमंत्री अमित शाह कल से छत्तीसगढ़ दौरे पर
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अप्रैल से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। पहले दिन वे राज्य के शीर्ष नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 5 अप्रैल को वे बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगे और एंटी-नक्सल ऑपरेशन के कमांडरों के साथ चर्चा करेंगे।