छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी की शुरुआत, बस्तर में हल्की राहत के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है और अगले कुछ दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। राजनांदगांव में मंगलवार को सबसे अधिक 42.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि रात में रायपुर सबसे गर्म रहा, जहां न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी संभव है।

बस्तर संभाग को मिलेगी थोड़ी राहत

जहां प्रदेश के अधिकांश हिस्से तेज गर्मी से तप रहे हैं, वहीं बस्तर संभाग के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को बस्तर के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसका कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बताया जा रहा है, जो दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बादल और बूंदाबांदी की स्थिति पैदा कर रहा है।

9 अप्रैल को सुकमा और नारायणपुर जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 10 अप्रैल को बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

रायपुर में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बुधवार को तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

मंगलवार को प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:

शहरअधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान
रायपुर39.8°C26.5°C
बिलासपुर39.6°C26.1°C
अंबिकापुर37.8°C18.4°C
जगदलपुर38.1°C23.6°C
राजनांदगांव42.5°C25.0°C

अप्रैल में हीट वेव की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल का तीसरा और चौथा सप्ताह और भी ज्यादा गर्म होगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना है। तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक हो सकता है, और कई स्थानों पर पारा 43 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में भी गर्म हवाओं के कारण उमस बनी रहेगी।

You May Also Like

More From Author