रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर में पर्यावरण अनुकूल और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली नई सार्वजनिक परिवहन सुविधा “ई-ऑटो सेवा” का शुभारंभ किया। यह पहल नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के संयुक्त सहयोग से शुरू की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सिर्फ एक नई परिवहन सेवा की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह राज्य सरकार का महिलाओं के स्वावलंबन और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
ई-ऑटो सेवा का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। इसमें तीन क्लस्टरों के अंतर्गत आने वाले 15 ग्राम संगठनों की 40 महिला सदस्य शामिल हैं। यह सेवा नवा रायपुर के 130 किलोमीटर क्षेत्र में फैले आवासीय इलाकों, कार्यालय परिसरों, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और जंगल सफारी जैसे प्रमुख स्थलों को जोड़ते हुए चलेगी।
‘लखपति दीदी योजना’ के अंतर्गत यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे न केवल उनकी मासिक आय में बढ़ोतरी होगी, बल्कि वे आर्थिक रूप से भी अधिक सशक्त होंगी। भविष्य में यह सेवा नवा रायपुर के लिए एक आदर्श स्थानीय परिवहन मॉडल बन सकती है, जो पर्यावरण के अनुकूल, सुलभ और किफायती भी होगी।
कार्यक्रम में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद और एनआरडीए के सीईओ सौरभ कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।