रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) रायपुर ने संगठन में निष्क्रियता और अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाध्यक्ष शांतनु झा ने आदेश जारी कर 61 पदाधिकारियों को सभी पदों से हटाने का निर्णय लिया है, जबकि 16 अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यह कार्रवाई 9 अप्रैल को आयोजित NSUI के स्थापना दिवस कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की लापरवाही और उदासीनता के चलते की गई है। समय पर सूचना दिए जाने के बावजूद कई सदस्य कार्यक्रम से अनुपस्थित रहे और लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे।
जिलाध्यक्ष शांतनु झा ने स्पष्ट किया कि यह फैसला न तो व्यक्तिगत है और न ही भावनात्मक, बल्कि यह पूरी तरह संगठन की गरिमा, अनुशासन और सक्रियता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, उन्हें अंतिम अवसर दिया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





