रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब सिर्फ ओडिशा से ही नहीं, बल्कि विदेशी गांजा की तस्करी भी शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक युवक को 15.25 ग्राम विदेशी गांजा और ₹1 लाख कीमत के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। यह गांजा मुंबई से मंगवाया गया था।
बस स्टैंड पर ग्राहक की तलाश में था तस्कर
टिकरापारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक, तुषाल मूलचंदानी (23 वर्ष, विशाल नगर, तेलीबांधा), भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर 1, धनवंतरी मेडिकल के पीछे शुलभ शौचालय के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से 15.25 ग्राम विदेशी गांजा (ओजी क्वालिटी) और एक आईफोन बरामद हुआ।
दोस्त ने भेजा था गांजा मुंबई से
पूछताछ में तुषाल ने खुलासा किया कि यह गांजा उसके दोस्त पंकज चावला (दलदल सिवनी, मोवा) ने मुंबई से मंगवाकर उसे सौंपा था। वह इसे ग्राहक को देने के लिए बस स्टैंड पहुंचा था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो नहीं।





