बीजापुर। बीजापुर और तेलंगाना की सीमा से लगे कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में पिछले पांच दिनों से जारी देश के सबसे बड़े नक्सल विरोधी ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच लगातार पांच दिनों तक चले कठिन अभियान के बाद जवान एक गुप्त नक्सली ठिकाने तक पहुंचने में सफल रहे हैं। हालांकि, सुरक्षाबलों के पहुंचने से पहले ही नक्सली अपना ठिकाना बदलकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पहाड़ियों में मिली इस गुफा में एक हजार से ज्यादा लोग कई दिनों तक आराम से रह सकते थे। गुफा के भीतर पीने के पानी और विश्राम के लिए आवश्यक सुविधाएं मौजूद थीं, साथ ही एक बड़ा मैदान भी है, जो सामूहिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त है।
यह ऑपरेशन बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के कोतापल्ली गांव के पास चल रहा है। सुरक्षाबलों ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी इलाके में करीब 10 से 12 हजार जवानों के जरिए 1500 नक्सलियों, जिनमें कई बड़े नक्सली लीडर भी शामिल हैं, को चारों ओर से घेर लिया है। इस अभियान को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है।
ऑपरेशन के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की मदद से नक्सलियों पर गोलीबारी और बमबारी की जा रही है। अब तक पांच नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से तीन के शव और हथियार बरामद किए गए हैं। आज पांचवें दिन भी इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है और हेलीकॉप्टर से बमबारी जारी है।