शराब दुकान हटाने की मांग पर गरमाया गरियाबंद: वार्डवासी बोले – नहीं तो धरना देंगे

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुशासन तिहार के तहत लगे समाधान शिविर के दौरान ग्राम सोनामुंदी में शराब दुकान हटाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। वार्ड पार्षद विनोद पांडे ने शिकायत करते हुए कहा कि वह इस संबंध में पांच बार से अधिक आवेदन दे चुके हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अब वार्डवासियों की ओर से हस्ताक्षरित ज्ञापन के साथ कलेक्टर को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में दुकान नहीं हटाई गई तो वे वार्डवासियों के साथ धरना देंगे।

शिशु मंदिर के पास दुकान, महिलाओं को परेशानी

शराब दुकान शिशु मंदिर और आसपास के रिहायशी इलाके के बेहद पास स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के कारण इलाके में असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ गई हैं। शराब पीने वाले मंदिर परिसर और निजी संपत्तियों में बैठते हैं, जिससे कई बार विवाद और घटनाएं हो चुकी हैं।

महिलाओं और बच्चों को सड़क पर चलने में भी भारी दिक्कत होती है, खासकर सुबह-शाम जब शराबियों की भीड़ लगी रहती है। महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित एक कार्यशाला भी इसी कारण बंद हो चुकी है।

कई नेताओं ने भी जताई चिंता

इस मसले को लेकर वार्डवासियों, महिला समूहों ने प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल को भी ज्ञापन सौंपा था। वहीं भाजपा नेता गोवर्धन मांझी और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने भी शिशु मंदिर की शांति भंग होने को लेकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग प्रशासन से की है।

कलेक्टर ने दिया भरोसा

समाधान शिविर में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद कलेक्टर भगवान उइके ने वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिकों को आश्वासन दिया है कि शराब दुकान हटाने की मांग पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करता है या विभागीय अनदेखी का सिलसिला जारी रहता है।

You May Also Like

More From Author