रायपुर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार से पारदर्शिता और असर को लेकर सवाल उठाए हैं। इस पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और सेना की कार्रवाई को ऐतिहासिक बताया।
अरुण साव ने मीडिया से बात करते हुए कहा,
“12 मई को DGMO ने जो जानकारी दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संदेश दिया, उससे साफ है कि भारतीय सेना ने आतंकियों के 9 अड्डों को एकसाथ ध्वस्त किया है। यह भारत की बड़ी कूटनीतिक और सैन्य सफलता है। पाकिस्तान अब घुटनों पर आकर सीजफायर की गुहार लगा रहा है। अगर इसके बाद भी किसी को समझ नहीं आता, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”
कांग्रेस की ‘बैलाडीला बचाओ यात्रा’ पर भी साधा निशाना
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस की आगामी ‘बैलाडीला बचाओ यात्रा’ पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा,
“हर राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का हक है, लेकिन कांग्रेस जैसी पार्टी, जिसने कभी देश को तोड़ा, वो अब भारत जोड़ो यात्रा निकालती है। जिसने संविधान को तार-तार किया, वो आज संविधान बचाने की बात करती है। कांग्रेस अब जनता से पूरी तरह कट चुकी है और राजनीतिक शून्यता की ओर बढ़ रही है।”
बता दें कि कांग्रेस इससे पहले दो बड़ी यात्राएं स्थगित कर चुकी है और अब बैलाडीला मुद्दे पर फिर से यात्रा निकालने की योजना बना रही है।
सेना के समर्थन में बीजेपी निकालेगी तिरंगा यात्रा
अरुण साव ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है।
उन्होंने घोषणा की कि
“देशभर में सेना के साहस और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना के लिए भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। पूरा देश आज सेना के साथ खड़ा है।”





