प्रदेश में उमस भरी गर्मी से राहत, कल से बारिश और तूफान की गतिविधि बढ़ने की संभावना

रायपुर। प्रदेश में दिनभर की उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है, लेकिन राहत की खबर यह है कि 21 मई से मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, कल से प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने यह भी कहा कि अगले 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, बुधवार से छत्तीसगढ़ में बारिश, बिजली और तेज हवाओं के साथ तूफानी गतिविधि में वृद्धि हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की उम्मीद है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट की संभावना है।

राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा गर्मी
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, लेकिन राजधानी रायपुर में सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

21 मई से मौसम में बदलाव का अनुमान
मौसम विभाग के वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पूर्व मानसून के अगले एक-दो दिनों में दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप और मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होने की संभावना है।

वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में स्थित है, और दो द्रोणिकाएं भी राज्य में प्रभाव डाल रही हैं, जिनसे हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा, और यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

You May Also Like

More From Author