कुएं में गिरे हाथी शावक को ग्रामीणों ने बचाया, सूंढ से JCB को छूकर जताया आभार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ वन मंडल अंतर्गत घरघोड़ा के चारमार जंगल में बीती रात एक हाथी शावक अपने दल से बिछड़ कर गहरे कुएं में गिर गया। घटना के बाद सुबह ग्रामीणों और वन विभाग की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें हाथी शावक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के दौरान एक अद्भुत दृश्य तब देखने को मिला जब शावक ने सुरक्षित निकलने के बाद जेसीबी मशीन को अपनी सूंढ से छूकर जैसे धन्यवाद जताया। उसने जेसीबी ऑपरेटर के प्रयासों को महसूस करते हुए रुककर प्यार भरा इशारा किया और फिर अपने झुंड की तलाश में जंगल की ओर चला गया।

जानवरों में भावनात्मक जुड़ाव का दुर्लभ उदाहरण
यह दृश्य केवल रेस्क्यू नहीं, बल्कि इंसान और वन्यजीव के बीच संवेदनशील संबंध का प्रतीक बन गया। इस दुर्लभ क्षण को वीडियो में भी कैद किया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऐसा भावनात्मक व्यवहार जानवरों में बहुत कम देखने को मिलता है, जो सभी को भावुक कर गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों का जताया आभार
वन विभाग ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग देने वाले ग्रामीणों और जेसीबी चालक को धन्यवाद दिया है। शावक अब सुरक्षित है और उम्मीद है कि वह जल्द ही अपने दल से मिल जाएगा।

You May Also Like

More From Author