रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे की बढ़ती घटनाओं और देर रात तक चलने वाली पार्टियों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देश पर होटल, बार, कैफे और क्लब संचालकों की बैठक सिविल लाइन स्थित सी-4 में बुलाई गई, जिसमें कानून व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, विवेक शुक्ला और डीएसपी क्राइम संजय सिंह सहित शहर के सैकड़ों क्लब और होटल संचालक मौजूद रहे। एसएसपी ने साफ कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की नशे की पार्टी, अवैध शराब परोसना, संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्लबों में होने वाली सभी पार्टियों की जानकारी पुलिस को देना अनिवार्य किया गया है।
12 बजे के बाद पार्टी पूरी तरह बंद करने के निर्देश
एसएसपी ने क्लब और होटलों को निर्देश दिए कि रात्रि 12 बजे के बाद कोई भी पार्टी संचालित न की जाए। इसके साथ ही ‘गर्ल्स नाइट’ के नाम पर बुधवार को मुफ्त शराब परोसने की व्यवस्था पर भी सख्त रोक लगाई गई है।
हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्धों की एंट्री पर पाबंदी
क्लबों में हिस्ट्रीशीटरों और विवादित तत्वों की एंट्री पर पूर्ण पाबंदी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही होटलों में अवैध हथियारों की चेकिंग और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने के आदेश दिए गए हैं।
शहर में विवादों का इतिहास, पुलिस सतर्क
पुलिस ने बताया कि शहर में बीते कुछ महीनों में कई क्लबों में गंभीर विवाद हुए हैं। हाईपर क्लब, आईपी क्लब, ऑन द रॉक्स, जूक, और अन्य होटलों में झगड़े, मारपीट और गोली चलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर द्वारा एक कारोबारी की पिटाई और महादेव घाट में युवतियों की मारपीट जैसी घटनाएं इसी का परिणाम हैं।
आफ्टर पार्टी पर भी नजर
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्लबों के बाद निजी विला या होटलों में चलने वाली आफ्टर पार्टी को पूरी तरह अवैध माना जाएगा। ऐसे आयोजनों में शराब और नशा खुलेआम परोसे जाते हैं, जिससे आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा मिलता है।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी डॉ. सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसी होटल, क्लब या कैफे में अवैध शराब, नशा या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिली तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे स्थानों की सूची पुलिस पहले से तैयार कर रही है।





