8 जून को रायपुर में होगा ‘पत्रकारिता गौरव सम्मान समारोह’, प्रदेशभर के 100 पत्रकार होंगे सम्मानित

रायपुर। प्रदेश की प्रमुख सामाजिक और साहित्यिक संस्था ‘वक्ता मंच’ द्वारा आगामी 8 जून (रविवार) को शाम 5 बजे से वृंदावन सभागृह, सिविल लाइन्स रायपुर में “स्व. बंशीलाल शर्मा स्मृति पत्रकारिता गौरव सम्मान समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामयी आयोजन में प्रदेशभर से चयनित 100 पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।

इस सम्मान समारोह में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, यूट्यूब और वेब पोर्टल मीडिया से जुड़े सक्रिय पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित किया गया है। चयन प्रक्रिया का दायित्व दैनिक दबंग स्वर के प्रधान संपादक पं. पी.के. तिवारी और सर्वोच्च छत्तीसगढ़ के प्रधान संपादक शिव शंकर सोनपिपरे को सौंपा गया था।

लोकतंत्र का चौथा स्तंभ: संभावनाएं और चुनौतियां

इस अवसर पर “लोकतंत्र का चौथा स्तंभ: संभावनाएं एवं चुनौतियां” विषय पर एक विशेष परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों और शिक्षाविदों द्वारा विचार रखे जाएंगे।

आयोजन समिति की प्रभारी और वरिष्ठ समाजसेविका शोभा देवी शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम स्व. बंशीलाल शर्मा की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जो रायपुर के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं। उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने हेतु प्रतिवर्ष वक्ता मंच द्वारा यह प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है।

विपरीत परिस्थितियों में पत्रकारिता करने वालों को समर्पित

इस वर्ष का गौरव सम्मान उन सभी पत्रकारों को समर्पित है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी जनता की आवाज़ को बुलंद किया और पत्रकारिता के मूल्यों को जीवित रखा।

वक्ता मंच की तीन दशक की सेवा यात्रा

वक्ता मंच पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से रचनात्मक, शैक्षणिक और समाजहितैषी कार्यों में सक्रिय है। यह मंच साहित्य, कला, पर्यावरण, शिक्षा, वक्तव्य कला, मंच संचालन, रंगोली व पेंटिंग जैसे विविध क्षेत्रों में गांव-गांव से नवोदित प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें मंच देता रहा है। हजारों प्रतिभाओं को मंच अब तक सम्मानित कर चुका है।

मंच द्वारा समाजसेवा के कई प्रकल्प भी चलाए जा रहे हैं। वक्ता मंच ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक समारोह में सभी योग्य पत्रकारों को सम्मानित करना संभव नहीं है, इसलिए यह सम्मान श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी।

समारोह में प्रदेश के समस्त प्रबुद्धजन आमंत्रित हैं।

You May Also Like

More From Author