छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे ई-चालान ऑनलाइन स्कैम, परिवहन विभाग ने दी चेतावनी

रायपुर। हाल ही में छत्तीसगढ़ में आरटीओ ई-चालान से जुड़े ऑनलाइन फ्रॉड के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। साइबर ठग नकली चालान बनाकर लोगों को SMS या ई-मेल भेज रहे हैं और उनमें दिए गए लिंक (अक्सर APK फाइल के रूप में) पर क्लिक करने के लिए उकसा रहे हैं। इन लिंक पर क्लिक करते ही लोगों की निजी जानकारी हैक हो जाती है और उनके बैंक खातों से पैसे गायब होने लगते हैं।

केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें भुगतान

परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी चालान का भुगतान केवल विभाग की अधिकृत वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in के माध्यम से ही करें। विभाग ने कहा है कि किसी भी थर्ड पार्टी लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर भुगतान करना जोखिम भरा हो सकता है।

नकली संदेशों से रहें सतर्क

अधिकारियों के मुताबिक, हाल के दिनों में ऐसे कई मामले दर्ज हुए हैं जिनमें लोगों को फर्जी मैसेज या मेल भेजकर चालान भरने के नाम पर धोखा दिया गया। इस तरह के मैसेज में नकली लिंक डालकर सीधे भुगतान कराने की कोशिश की जाती है।

ऐसे करें चालान की असली जांच

अगर वाहन मालिक अपने चालान की सही जानकारी लेना चाहते हैं तो उन्हें केवल विभागीय वेबसाइट पर जाना चाहिए।

  • वहां “Pay Online” का विकल्प चुनें।
  • इसके बाद वाहन नंबर और चेसिस/इंजन नंबर के अंतिम चार अंक दर्ज करें।
  • स्क्रीन पर चालान से जुड़ा पूरा विवरण सामने आ जाएगा।
  • इसके बाद सुरक्षित रूप से ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है।

परिवहन विभाग ने दोहराया है कि नागरिक किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवल सरकारी वेबसाइट से ही अपने ई-चालान का भुगतान करें।

You May Also Like

More From Author