खैरागढ़। जिले में लगातार बढ़ते अपराधों—चोरी, चाकूबाजी और स्मगलिंग जैसे मामलों—ने पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ा दी है। हालात को देखते हुए खैरागढ़ पुलिस अब अलर्ट मोड में आ गई है और नशे व अपराध पर रोक लगाने के लिए सख्त अभियान की शुरुआत की है।
बुधवार को पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वाले करीब 100 लोगों को पकड़कर थाने लाया। यहां सभी की थाने में परेड कराई गई और नशे के दुष्प्रभावों पर निबंध लिखवाया गया। साथ ही उन्हें कड़ी चेतावनी भी दी गई कि यदि दोबारा ऐसी हरकत की तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
इसी दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले 25 व्यक्तियों पर कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि खैरागढ़ को नशामुक्त शहर बनाने के लिए यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करें।
बढ़ते अपराधों और नशे के खिलाफ खैरागढ़ पुलिस की यह सख्त पहल साफ संदेश देती है कि अब जिले में नशा, हुड़दंग और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी।