कटघोरा NH-31 पर तेज रफ्तार बलेनो कार हादसा – एक युवक की मौत, चार घायल

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में सुतर्रा के पास NH-31 पर एक तेज़ रफ़्तार बलेनो कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के मुताबिक सभी युवक खैरागढ़ से अंबिकापुर जा रहे थे। मृतक की पहचान विजय वर्मा (29) पिता केदार वर्मा, निवासी भवनी (खैरागढ़) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विजय की शादी को केवल एक साल ही हुआ था और वर्षगांठ से पहले ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायलों में तिलेश्वर वर्मा (32) निवासी भवनी (खैरागढ़), मकुंदी वर्मा (49), अशोक वर्मा (35) निवासी जामुल (भिलाई) और संजय वर्मा (35) निवासी बोईरडीह शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें तिलेश्वर की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां डिवाइडर के कारण सड़क बंद रहती है और इस पॉइंट पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में NH प्रबंधन को डिवाइडर हटाने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर लिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

You May Also Like

More From Author