रायपुर। राजधानी के संतोषी नगर में बीती रात खौफनाक वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात शख्स पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर गलियों में घूमता रहा और कई वाहनों व एक घर में आग लगा दी। घटना मिश्रा होटल गली की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ने दो एक्टिवा, एक बाइक, एक ई-रिक्शा और दूध-मिल्क प्रोडक्ट्स रखे हुए एक गोदामनुमा घर में आग लगा दी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में हड़कंप मच गया। दूध और दूध उत्पाद पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
दमकल विभाग को रातभर में तीन अलग-अलग जगहों पर आग की सूचना मिली, जिसके बाद विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
लोगों ने घटना पर पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एक व्यक्ति पूरे क्षेत्र में पेट्रोल की बोतल के साथ घूमकर आगजनी करता रहा और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश जारी है। फिलहाल आरोपी फरार है।