खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम झुरानदी में गांव के एक कुएं से दो छोटे भाई-बहन के शव बरामद हुए। मृतकों में तीन वर्षीय करण वर्मा और डेढ़ वर्षीय उसकी बहन शामिल हैं। शव बाहर निकालते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि बच्चों की हत्या की गई है, क्योंकि दोनों के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ मिला है। इससे आशंका और गहरी हो गई है कि वारदात योजनाबद्ध हो सकती है। बच्चों के पिता गजानंद वर्मा और मां मनीषा सहित परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं। गांव में गम और खामोशी का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद शवों को कुएं से निकाला गया। पोस्टमॉर्टम के लिए शवों को छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। अस्पताल में भी भारी संख्या में लोग पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताया।
थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि केस बेहद संवेदनशील है और सभी एंगल से जांच की जा रही है। किसी पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की भी पड़ताल हो रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।