रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को दो दिवसीय गुजरात प्रवास पर रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में नए शासकीय स्टेट हैंगर का लोकार्पण किया। मीडिया से चर्चा में सीएम साय ने अपने गुजरात दौरे के कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। इसके बाद वे इसी नए स्टेट हैंगर से विशेष विमान में अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।
गुजरात में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में होंगे शामिल
सीएम साय ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वर्ष के अवसर पर गुजरात में लगातार आयोजन हो रहे हैं। वे अपने प्रवास के दौरान स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी देखेंगे और ‘भारत पर्व’ में शामिल होंगे। अगले दिन वे ‘छत्तीसगढ़ इनवेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां राज्य की नई उद्योग नीति निवेशकों के सामने रखेंगे और उनसे वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।
सीएम साय का पूरा टूर प्लान
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री साय दो दिनों तक गुजरात में रहेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से होगी। वे गांधीनगर स्थित सीएम हाउस में आयोजित ‘इन्वेस्ट गुजरात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और सीएम डैशबोर्ड तथा सीएम जनशिकायत सिस्टम का प्रेजेंटेशन देखेंगे।
इसके अलावा वे NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज का दौरा करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट पर लंच करेंगे। प्रवास के दौरान वे केवड़िया भी जाएंगे और वहां आयोजित भारत पर्व 2025 एवं एकता प्रकाश पर्व में हिस्सा लेंगे। केवड़िया में रात्रि विश्राम के बाद 11 नवंबर को वे ‘छत्तीसगढ़ इनवेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में शामिल होकर मंगलवार रात रायपुर लौट आएंगे।
इससे पहले भी सीएम साय जापान दौरे से लौटे हैं, जहां उन्होंने विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया था।