रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IG सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अन्य मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस महीने दूसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, जो राज्य के प्रति उनके स्नेह और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
देशभर से DGP, ADG, IG, IB और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख रायपुर पहुंच चुके हैं। सम्मेलन में अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न राज्यों द्वारा प्रेजेंटेशन दिए जाएंगे। एक मॉडल स्टेट बनाकर पूरे देश के लिए कॉमन गाइडलाइन तैयार करने पर भी चर्चा होगी। पिछले वर्ष यह सम्मेलन भुवनेश्वर में हुआ था, जबकि छत्तीसगढ़ में पहली बार यह प्रतिष्ठित आयोजन हो रहा है।
अतिथि अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था कई स्थानों पर की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम-1 और गृहमंत्री अमित शाह एम-11 में ठहरेंगे। नए सर्किट हाउस में NSA अजीत डोभाल, डिप्टी NSA अनीश दयाल सिंह, IB चीफ तपन डेका सहित वरिष्ठ अधिकारियों के लिए कमरे बुक किए गए हैं। कुल मिलाकर विभिन्न जगहों पर 250 से अधिक कमरों की व्यवस्था की गई है। सम्मेलन के दौरान सुरक्षा इंतजामों का जिम्मा ADG दीपांशु काबरा और IG अमरेश मिश्रा को सौंपा गया है, जो केंद्रीय फोर्स और इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ समन्वय करेंगे।
तीन दिवसीय सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोध, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, फोरेंसिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।
यह सम्मेलन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श का मंच प्रदान करता है। साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा से निपटने के लिए देशभर की प्रभावी रणनीतियों के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करता है। वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में इस सम्मेलन का स्वरूप लगातार विकसित हुआ है और यह देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होता रहा है, जिसमें गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर शामिल हैं।