रायपुर में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाचा पर चाकू से हमला

रायपुर। राजधानी रायपुर में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने पिता के सहयोग से चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस ने आरोपी सुभाष देवांगन को हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं प्रकरण में नामजद आरोपी राजू उर्फ राजेंद्र देवांगन फरार है। बताया जा रहा है कि आरोपी द्वारा अपने पुत्र के माध्यम से हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।पुलिस के अनुसार, 13 दिसंबर को पीड़िता नेहा देवांगन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि उसके पति जीवन देवांगन पर उसके भतीजे सुभाष देवांगन ने अपने पिता राजू के साथ मिलकर धारदार हथियार से कई बार हमला किया। हमले में जीवन देवांगन के गर्दन, पेट, दाहिने हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सुभाष देवांगन द्वारा चाकू से हमला करते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि संयुक्त मकान की बिक्री को लेकर विवाद था, जिससे नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

You May Also Like

More From Author