रायपुर। धर्मांतरण को लेकर छत्तीसगढ़ बंद और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण होना ठीक नहीं है। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और किसी भी तरह का जबरदस्ती धर्मांतरण उचित नहीं है। लोगों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण नहीं होना चाहिए।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ में 115 अटल परिसरों का लोकार्पण किया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है। इस अवसर पर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 115 स्थानों पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और आज उनकी जयंती को प्रदेश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है.
वहीं धर्मांतरण को लेकर पं. धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कैंसर का इलाज संभव है, लेकिन धर्मांतरण का नहीं। धर्मांतरण के प्रति समाज को लोभ का त्याग करना होगा। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही धर्मांतरण को लेकर कानून बनाया जाएगा। मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना पर उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। कुछ लोग अति उत्साह में ऐसे कदम उठा लेते हैं, जो कानून की समझ नहीं रखते।
एसआईआर को लेकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के दोहरे चरित्र के कारण लोगों के नाम कटे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी और उस दौरान कांग्रेस ने आयोग से कहा था कि किसी का वोट न काटा जाए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि पहले यह बताया जाए कि कितने बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को यहां लाकर बसाया गया है।