सक्ती में टोल प्लाजा की मनमानी, ग्रामीण सड़क बंद करने पर कलेक्टर सख्त

सक्ती।सक्ती जिले में टोल प्लाजा कर्मचारियों की मनमानी सामने आई है। NH-49 पर ग्राम जेठा स्थित टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने मुख्य मार्ग से लगी ग्रामीण सड़क पर लोहे का खंभा गाड़कर रास्ता बंद कर दिया, जिससे लोगों को मजबूरी में टोल प्लाजा से गुजरना पड़ा।

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए अपर कलेक्टर, तहसीलदार और पीडब्ल्यूडी की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने खंभा हटवाकर सड़क को दोबारा चालू कराया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बिना अनुमति सड़क खोदने पर टोल प्लाजा संचालक को नोटिस जारी करने की बात कही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी टोल कर्मियों द्वारा अवैध वसूली और धमकी की शिकायतें मिल चुकी हैं। बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा को लेकर पहले ही हाईकोर्ट द्वारा हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते कार्रवाई लंबित है।

You May Also Like

More From Author