कांकेर। जिले में धर्मांतरण को लेकर तनावपूर्ण हालात लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला कांकेर से करीब 30 किलोमीटर दूर पुसागांव क्षेत्र का है, जहां ग्रामीणों ने कथित तौर पर धर्मांतरित परिवारों के घरों में तोड़फोड़ की। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने करीब 10 घरों में घुसकर लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की। आरोप है कि ये परिवार अपने मूल धर्म में लौटने को तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि इससे पहले ग्रामीणों ने इन परिवारों के साथ बैठक कर उन्हें समझाने का प्रयास किया था, लेकिन सहमति नहीं बनने पर मामला हिंसक रूप ले बैठा।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले की जांच जारी है।