रायपुर। इस वर्ष गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी दिखाई जाएगी, जिसमें जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय की झलक होगी। रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने छत्तीसगढ़ की झांकी को अंतिम रूप से चयनित किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झांकी के माध्यम से आदिवासी समाज की वीरता, देशभक्ति और बलिदान की परंपरा पूरे देश को देखने को मिलेगी। यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चार महीने की चयन प्रक्रिया के बाद 17 राज्यों की झांकियां चुनी गई हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। भारत सरकार की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्’ पर आधारित इस झांकी में जनजातीय विद्रोहों और बलिदान की गाथा को दर्शाया गया है।