वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान गुड़ी’ डे केयर सेंटर का शुभारंभ

रायपुर। वरिष्ठ नागरिकों में बढ़ते अकेलेपन और उसके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने ‘सियान गुड़ी योजना’ (डे केयर सेंटर) की शुरुआत की है। इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सक्रिय वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ 30 दिसंबर को किया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह का पुनर्निर्माण कर वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधा विकसित की गई है।

यह केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग-व्यायाम, नाश्ता व चाय, मनोरंजन, कौशल विकास, परामर्श, स्वास्थ्य जांच, टेली-कंसल्टेशन, समूह चर्चा और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। दिनभर की गतिविधियों के बाद वरिष्ठ नागरिक अपने घर लौट सकेंगे। योजना का उद्देश्य उन्हें आत्मीय सामाजिक वातावरण प्रदान कर स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है।

You May Also Like

More From Author